(वार्ड नं० तीन में कचरा का ढेर)
बेलसंड: नगर पंचायत में सफाई कर्मियों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में सफाई कर्मियों ने कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया है, जिससे पूरे बेलसंड शहर की सांसें थमती नजर आ रही हैं। गुरुवार सुबह से ही शहर के मुख्य बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर झाड़ू नहीं लग सकी।
इतना ही नहीं, प्रतिदिन घर-घर से कचरा उठाने वाली गाड़ियां भी पूरी तरह ठप पड़ी हैं। सफाई व्यवस्था बंद होने के कारण शहर के मुख्य चौराहों, गली-मोहल्लों और बाजार क्षेत्रों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगने शुरू हो गए हैं। सड़कों पर बिखरा कचरा अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण पूरे शहर का माहौल खराब हो रहा है। लोगों का कहना है यदि सफाई कर्मियों की हड़ताल जल्द खत्म नहीं हुई और यह अनिश्चितकालीन हड़ताल लंबी खिंची, तो शहर में असहनीय बदबू के साथ-साथ गंभीर बीमारियां और महामारी फैलने का खतरा काफी बढ़ जाएगा। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने के बावजूद अभी तक प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच वार्ता का कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। आम जनता की मांग है कि नगर प्रशासन जल्द से जल्द सफाई कर्मियों की वाजिब मांगों पर ध्यान दे और हड़ताल समाप्त कराकर शहर को नारकीय स्थिति से बाहर निकाले।

