बेलसंड: थाना क्षेत्र के जाफरपुर गाँव में एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने कांड संख्या 206/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। यह कार्रवाई मृतक के भाई संजीव श्रीवास्तव के लिखित आवेदन के आधार पर की गई है। दर्ज प्राथमिकी में पैतृक संपत्ति विवाद में ज़हर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। आवेदन के अनुसार, पैतृक संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही विवाद चला आ रहा था। आरोप है कि नामज़द अभियुक्त उमेश प्रसाद श्रीवास्तव एवं चंदन कुमार श्रीवास्तव ने विवादित ज़मीन की पैमाइश कराने का झांसा देकर नवीन श्रीवास्तव को अपने घर बुलाया था। 29 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 1:00 बजे नवीन श्रीवास्तव अपनी पत्नी नीतू कुमारी सिन्हा के साथ मुज़फ़्फ़रपुर के अहियापुर स्थित आवास से जाफरपुर के लिए निकले थे। रास्ते में चंदौली रुकने के बाद वे जाफरपुर पहुँचे, जहाँ आरोपी पहले से मौजूद थे। घटना वाली रात करीब 9:53 बजे नवीन श्रीवास्तव ने अपने भाई संजीव श्रीवास्तव को फोन किया। संजीव के अनुसार, नवीन काफी घबराए हुए थे और उन्होंने रोते-बिलखते कहा, भाई मुझे बचा लो, ये लोग मुझे कुछ खिला दिया है। जब संजीव ने अपनी भाभी नीतू कुमारी के बारे में पूछा, तो नवीन ने बताया कि वह पूरी तरह बेहोश हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। फोन आते ही संजीव श्रीवास्तव और परिजन तुरंत जाफरपुर के लिए रवाना हुए। रास्ते में ही आरोपी चंदन कुमार श्रीवास्तव ने फोन कर जानकारी दी कि नवीन और नीतू दोनों की मौत हो चुकी है। परिजन जब अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड पहुँचे, तो वहाँ नवीन और उनकी पत्नी नीतू के शव अलग-अलग बेड पर पड़े मिले। डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि दोनों को अस्पताल लाते ही मृत घोषित कर दिया गया था, यानी उन्हें मृत अवस्था में ही लाया गया था। पीड़ित पक्ष का साफ तौर पर आरोप है कि ज़मीन हड़पने की साज़िश के तहत योजनाबद्ध तरीके से दोनों को ज़हर देकर मार डाला गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और घटना के हर पहलू की वैज्ञानिक व कानूनी जाँच शुरू कर दी है।

