सीतामढ़ी: 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर बेलसंड स्थित सम्राट भवन में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी श्रीमती वंदना कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह ने न केवल देशभक्ति का संचार किया, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रोजेक्ट स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान पर आधारित भाव नृत्य से अतिथियों का अभिनंदन किया। हितनारायण उच्च विद्यालय की छात्रा जया आर्या, नैना आर्या और स्वर्णा आर्या ने अपनी कविता पाठ और उत्कृष्ट गायन शैली से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। तो वही हिमालय पब्लिक स्कूल के छात्रों ने भाव नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
SDO श्रीमती वंदना कुमारी ने गायन, नृत्य, भाषण, पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता में उत्तीर्ण छात्रों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। इसके साथ ही, अनुमंडल में समय सीमा के भीतर बीएलओ (BLO) के कार्यों को निष्ठापूर्वक पूर्ण करने वाले कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, और कार्यपालक पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच का सफल संचालन शिक्षक विनोद प्रसाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक अमरेश कुमार, पवन कुमार, पं. सुबोध ठाकुर, मंजय कुमार, उपेंद्र कुमार, मो. इंतजार अहमद, रौशन कुमार सहित बेलसंड, तरियानी और परसौनी के कर्मचारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

