बेलसंड: क्षेत्र में अगलगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अग्निशामालय बेलसंड द्वारा एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत ग्रामीणों और दुकानदारों को आग से बचाव और सुरक्षा के उपायों के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रभारी अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन विभाग की एक विशेष टीम द्वारा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जागरूकता टीम में प्रधान अग्निक रमेश कुमार, अग्निक जवान सत्यवान कुमार, महिला अग्निक जवान मनोरमा कुमारी और अग्निक चालक जितेंद्र कुमार शामिल थे।
सात अलग-अलग स्थानों पर चला अभियान
यह अभियान मुख्य रूप से सौली रूपौली पंचायत और नगर पंचायत के कोठी चौक क्षेत्र में चलाया गया, जिसके तहत कुल सात जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सौली रूपौली पंचायत: यहाँ के वार्ड नंबर 02 और वार्ड नंबर 04 में दो-दो स्थानों पर, तथा वार्ड नंबर 06 में एक स्थान पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों को आग से सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
नगर पंचायत (कोठी चौक): कोठी चौक स्थित कपड़े की दुकान और मिठाई की दुकान में दुकानदार एवं ग्राहकों को एकत्रित कर विशेष रूप से जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक और मॉकड्रिल से दी गई सीख
नगर पंचायत के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लोगों को आकर्षित करने और बात आसानी से समझाने के लिए नुक्कड़ नाटक का सहारा लिया गया। साथ ही, अग्निशमन टीम द्वारा मॉकड्रिल करके दिखाया गया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह घरेलू संसाधनों और अग्निशामक यंत्रों का उपयोग कर उस पर काबू पाया जा सकता है।
घबराएं नहीं, तुरंत दें सूचना
प्रभारी पदाधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा आग लगने की घटना होने पर बिल्कुल घबराएं नहीं। तुरंत एहतियात बरतें, सूझबूझ से काम लें और बिना वक्त गंवाए इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन कार्यालय को दें। कार्यक्रम के अंत में टीम द्वारा उपस्थित ग्रामीणों, दुकानदारों और आम जनता के बीच आग से सुरक्षा संबंधी सावधानियों से जुड़े लीफलेट और पंपलेट का भी वितरण किया गया, ताकि लोग बाद में भी इन नियमों को पढ़ सकें और सतर्क रह सकें।

