बेलसंड: क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षा के प्रति सचेत करने के लिए अनुमंडल अग्निशामालय बेलसंड द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत लोगों को आग से बचाव की जानकारी दी गई। प्रभारी अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि टीम में प्रधान अग्निक चंद्रशेखर कुमार, सब ऑफिसर विनोद कुमार और अग्निक चालक जितेन्द्र कुमार शामिल थे।
जीविका दीदियों को दी गई जानकारी
अभियान के दौरान कंसार पंचायत के वार्ड नंबर 13 में 'उजाला ग्राम संगठन' से जुड़ी जीविका दीदियों को घरेलू रसोई गैस और शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें समझाया गया कि संकट के समय सूझबूझ से कैसे स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता है।
चार वार्डों में हुआ मॉकड्रिल
टीम ने कंसार पंचायत के पांच अलग-अलग स्थानों पर सघन अभियान चलाया। पंचायत के वार्ड नंबर 2, 3, 4 और 5 में ग्रामीणों के बीच लाइव मॉकड्रिल किया गया। इसके जरिए लोगों को दिखाया गया कि अगर अचानक आग लग जाए, तो उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल कर आग पर कैसे काबू पाया जाए।
अधिकारियों की अपील:
"आग लगने की स्थिति में बिल्कुल न घबराएं। तुरंत एहतियाती कदम उठाएं और बिना समय गंवाए इसकी सूचना नजदीकी अग्निशमन कार्यालय को दें। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों और महिलाओं के बीच आग से सुरक्षा संबंधी लीफलेट और पंपलेट का भी वितरण किया गया, ताकि लोग बाद में भी इन नियमों को पढ़ सकें और जागरूक रह सकें।

