बेलसंड: स्थानीय थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर परतापुर गांव में छापेमारी कर लंबे समय से फरार चल रहे शराब तस्कर मुकेश चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि गत 17 मई 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परतापुर गांव में अवैध शराब की खेप छिपाकर रखी गई है, जहां से इसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आलोक में जब पुलिस टीम ने तत्काल परतापुर गांव में छापेमारी की, तो पुलिस बल को आते देख तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से भागने में सफल रहे थे। हालांकि, जब पुलिस ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली, तो घर के पीछे बांस के पत्तों के नीचे छुपाकर रखी गई 9 लीटर नेपाली सौफी शराब बरामद की गई थी। शराब बरामदगी के बाद बेलसंड थाना में कांड संख्या - 130/26 दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश बना रही थी और फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी मुकेश चौधरी अपने गांव में ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पीटीसी रंजीत कुमार रौशन और पुलिस टीम ने घेराबंदी कर फरार आरोपी मुकेश चौधरी को परतापुर गांव से धर दबोचा। थानाध्यक्ष ने बताया शराब माफियाओं के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इस मामले में संलिप्त एक अन्य फरार आरोपी मेघु चौधरी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

