बिहार के गौरव और मिथिलांचल की पावन धरती के लिए एक बेहद ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। अयोध्या स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री हनुमानगढ़ी के उजैनिया पट्टी के नए श्री महंथ के रूप में श्री महंथ संदीप दास जी महाराज को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया है। उजैनिया पट्टी के पूर्व श्री महंथ के ब्रह्मलीन (निधन) होने के बाद से यह प्रतिष्ठित पद खाली था, जिस पर अब पूरे विधि-विधान के साथ संदीप दास जी महाराज को विराजमान किया गया है।
अयोध्या के संत समाज और सभी प्रमुख महंथों की गरिमामयी उपस्थिति में सर्वसम्मति से यह बड़ा निर्णय लिया गया। सनातन परंपरा के अनुसार, मंत्रोच्चार, पारंपरिक विधि-विधान और चादरपोशी की रस्म के साथ उन्हें इस पूजनीय और प्रतिष्ठित पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। विदित हो कि नवनियुक्त श्री महंथ संदीप दास जी महाराज, ब्रह्मलीन गद्दीनशीन महाराज जी के परम प्रिय उत्तराधिकारी महंत कल्याण दास जी महाराज के बड़े गुरु भाई हैं।
फोटो: श्री महंत संदीप दास जी, श्री मंहत कल्याण दास जी, भाजपा नेता धीरज सिंह चौहान एवं श्री महंत संदीप जी के छोटे भाई रितेश मिश्रा
मात्र 9 साल की उम्र में त्यागा था घर, अयोध्या में ली शिक्षा
श्री महंथ संदीप दास जी महाराज मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेलसंड प्रखंड अंतर्गत जाफरपुर पंचायत के मारर गांव के रहने वाले हैं। वे स्वर्गीय श्री रघुनाथ मिश्रा के पुत्र हैं। उनके बड़े भाई राम नरेश मिश्रा और राकेश मिश्रा है एवं छोटे भाई रितेश मिश्रा है। उनके भाई ने बताया कि महाराज जी मात्र 9 वर्ष की अल्पायु में ही शिक्षा ग्रहण करने के लिए अयोध्या चले गए थे। वहां उन्होंने श्री हनुमानगढ़ी के पूर्व परम पूज्य महंत रमेश दास जी महाराज से दीक्षा ली और उनके परम शिष्य बने। उनके पूरा परिवार आज इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनकर अत्यंत भावुक और गौरवान्वित है।
फोटो: महंत संदीप दास जी के बड़े भाई और जाफरपुर पंचायत के वार्ड नं० 02 वार्ड सदस्य प्रतिनिधि राकेश मिश्रा
पैतृक गांव मारर और पूरे जिला सहित बिहार में हर्ष की लहर
जैसे ही संदीप दास जी महाराज के हनुमानगढ़ी के उजैनिया पट्टी के श्री महंथ बनने की खबर उनके पैतृक गांव मारर और बेलसंड क्षेत्र में पहुंची, पूरे इलाके में जश्न का माहौल व्याप्त हो गया। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने इसे पूरे मिथिलांचल के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया है। हनुमानगढ़ी जैसी पवित्र और देश की सबसे प्रतिष्ठित गद्दियों में से एक पर मिथिला के लाल के आसीन होने पर बिहार सहित पूरे देश के संत-महात्माओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। बधाई देने वालों में बगही धाम के महंत श्री शुकदेव दास जी महाराज, सीता जन्म भूमि मंदिर पुनौराधाम के महंत नवल किशोर दास जी महाराज, राम जानकी मठ मोतानजे के श्री महंत बलराम दास जी, राम जानकी बड़ी मठ के महंत प्रभु शरण दास जी, बिहार धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य पातेपुर के श्री महंत विश्वमोहन दास जी, हनुमान मंदिर पटना के महंत महेंद्र दास जी, कबिर मठ बिसाही के महंत किशोर दासजी, विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय नेता राकेश तिवारी, अशोक उपाध्याय, भाजपा नेता सह श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के कार्यक्रम अभियान प्रमुख प्रवीण कुमार, भाजपा नेता सह युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी धीरज सिंह चौहान, जाफ़रपुर पंचायत के मुखिया मनोज कुमार सिंह सरपंच जय किशोर मिश्रा, पैतृक गांव निवासी राकेश पांडेय, प्रभाकर कुमार, विनोद पांडेय, अनिल कुमार पाण्डेय, अरुण पांडेय, एवं समस्त ग्रामवासी सहित जिलावासी सभी ने श्री महंथ संदीप दास जी महाराज को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल और दीर्घायु की कामना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह संपूर्ण मिथिला और बिहार के सनातन समाज के लिए परम सौभाग्य की बात है।

