दंपति की संदिग्ध हालात में मौत, एक साथ माता पिता की अर्थी देख बिलख पड़े बच्चे

दंपति की संदिग्ध हालात में मौत, एक साथ माता पिता की अर्थी देख बिलख पड़े बच्चे

0
बेलसंड (सीतामढ़ी): थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में बुधवार की देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक ही घर से पति-पत्नी की अर्थियां एक साथ उठीं। मुजफ्फरपुर से अपने पैतृक गांव लौटे नवीन श्रीवास्तव उर्फ काजू (55) और उनकी पत्नी रेखा श्रीवास्तव (50) की अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

रास्ते से लौटकर रात में बिगड़ी हालत
मिली जानकारी के अनुसार, पेशे से बिजली मिस्त्री नवीन श्रीवास्तव लंबे समय से अपने परिवार के साथ मुजफ्फरपुर में रह रहे थे। बुधवार सुबह करीब 11 बजे वे अपनी पत्नी के साथ पैतृक गांव जाफरपुर के लिए निकले थे। रास्ते में एक रिश्तेदार के घर रुकने के बाद वे रात लगभग 8 बजे गांव पहुंचे। परिजनों ने जब भोजन के लिए पूछा, तो उन्होंने बाहर से ही खाना खाकर आने की बात कही।

इसके बाद रात करीब 11 बजे अचानक दोनों पति-पत्नी को तेज बेचैनी और घबराहट महसूस होने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत काफी बिगड़ने लगी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए भतीजा चंदन श्रीवास्तव दोनों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बेलसंड ले गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही बेलसंड थानाध्यक्ष जंगो राम पुलिस बल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के सही और स्पष्ट कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। एक साथ पति-पत्नी की मौत से जाफरपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Advertisement