बेलसंड: थाना क्षेत्र से अगवा की गई एक नाबलिग लड़की को पुलिस ने बरामद कर लिया है। यह मामला बेलसंड थाना कांड संख्या 86/26 के तहत दर्ज है। थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि लड़की के अपहरण के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। इसी बीच पुलिस को लड़की घर पर होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के निर्देश पर एसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की और अपहृत नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद करने में कामयाबी हासिल की। इस घटना को लेकर लड़की के पिता ने थाने में एक लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता ने अपने ही पड़ोस के कुछ लोगों को इस अपहरण की घटना का आरोपी बनाया है। दर्ज प्राथमिकी में सरोज कुमार, अमर कुमार, रामबाबू कुमारी प्रभु सहनी और फूलों देवी को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष जंगो राम ने बताया कि लड़की की सकुशल बरामदगी के बाद अब आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नियमानुसार पीड़िता का कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया जा रहा है और साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके अलावा, मामले में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

