शिवहर में गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे

शिवहर में गैस सिलेंडर फटने से लगी भीषण आग, कई लोग झुलसे

0
शिवहर: तरियानी छपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छपरा सिरहा टोला में सोमवार को गैस सिलेंडर फटने से एक भीषण हादसा हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भयानक आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, लगभग छह परिवार इस अगलगी में पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं और उनके घर जलकर राख हो चुके हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में अफरा-तफरी, चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

धमाके के साथ फैली आग, लाखों की संपत्ति नष्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार को एक घर में अचानक गैस सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका दहल गया और कुछ ही पलों में आग की गगनचुंबी लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपने घरों से सामान निकालने, यहां तक कि खुद सुरक्षित बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।

ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए घरों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचित किया। हालांकि, जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जाता, तब तक छह घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नकदी और जेवरात समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई। प्रभावित परिवार अब खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।

चार की हालत चिंताजनक, अस्पताल में भर्ती
अगलगी की इस घटना में झुलसे चार लोगों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, झुलसे हुए लोगों की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष और अंचलाधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही तरियानी छपरा थानाध्यक्ष रंजीत कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गैस सिलेंडर फटने का है। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए तरियानी अंचलाधिकारी कुमार रोहित ने भी घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने कहा गैस सिलेंडर फटने से यह दर्दनाक हादसा हुआ है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पहले घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित कराया जा रहा है, जिसके बाद राजस्व कर्मचारी द्वारा घटनास्थल पर नुकसान का सटीक आकलन किया जाएगा। पीड़ित परिवारों को सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता और उचित मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है और अगलगी के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से अविलंब राहत सामग्री और मुआवजे की गुहार लगाई है।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

Advertisement